स्व. बी.एन. सिंह की 27वीं पुण्यतिथि पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन
Gargachary Times
19 May 2026, 20:13
82 views
Firozabad
फिरोजाबाद। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद (जनपद शाखा, फिरोजाबाद) द्वारा सोमवार को वरिष्ठ कर्मचारी नेता स्वर्गीय ठाकुर बी.एन. सिंह की 27वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्रद्धांजलि सभा एवं विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों, युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं परिषद पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा स्वर्गीय बी.एन. सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और कर्मचारी हितों के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय बी.एन. सिंह हमेशा गरीब, मजलूम और असहाय लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उन्होंने कर्मचारी हितों के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा, “हमारा नेता हमेशा गरीब और असहायों के साथ खड़ा रहा। आज इस रक्तदान शिविर के माध्यम से हम यही संदेश देना चाहते हैं कि हम भी उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं। समाज और जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”
रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में कर्मचारियों और युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद की जान बचा सकती है और इससे बड़ा मानव धर्म कोई नहीं है।
कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।