हाईवे पर ट्रक ने कार को मारी टक्कर, पलभर में बनी आग का गोला, शीशा टूटने से बची दो लोगों की जान
Gargachary Times
19 May 2026, 20:15
118 views
Mathura
फरह। आगरा-मथुरा हाईवे पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। रैपुरा जाट गांव के पास आगरा मथुरा हाइवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने जयपुर जा रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय कार का शीशा टूट गया, जिससे कार सवार दो लोग बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार कन्नौज के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के कुंवरपुर बनवारी गांव निवासी नीरेश पुत्र अनार सिंह अपने साथी पंकज पुत्र अशोक के साथ कार से जयपुर जा रहे थे। सोमवार सुबह जैसे ही उनकी कार रैपुरा जाट गांव के निकट ग्वालियर बायपास के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें तुरंत आग भड़क उठी। हादसे में कार चालक नीरेश घायल हो गया। लेकिन किस्मत अच्छी थी कि टक्कर लगते ही कार का शीशा टूट गया। इसी टूटे शीशे से नीरेश और पंकज किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब हो गए। अगर शीशा न टूटता तो दोनों आग की चपेट में आकर जिंदा जल सकते थे।
हादसे की सूचना मिलते ही फरह थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और हाईवे कर्मियों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि काबू नहीं पाया जा सका। काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर कबाड़ बन चुकी थी।
पुलिस ने घायल नीरेश को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पंकज को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू कर दी है
हादसे के कारण आगरा-मथुरा हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्वालियर बायपास पर अक्सर तेज रफ्तार के कारण हादसे होते रहते हैं।