कैसरबाग में ट्रांसफार्मर बन सकता है हादसे का सबब, छह महीने से जिम्मेदार बेखबर
Gargachary Times
19 May 2026, 20:25
71 views
Lucknow
लखनऊ। राजधानी के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल कैसरबाग चौराहे के समीप स्थित प्लास्टिक फर्नीचर मार्केट के सामने लगा विद्युत विभाग का ट्रांसफार्मर इन दिनों बड़े हादसे को खुला निमंत्रण देता दिखाई दे रहा है। ट्रांसफार्मर के ठीक नीचे से गुजर रही जलकल विभाग की बड़ी पाइपलाइन लंबे समय से क्षतिग्रस्त बताई जा रही है, जिसके कारण लगातार पानी का रिसाव हो रहा है और ट्रांसफार्मर के नीचे की जमीन धीरे-धीरे खोखली होती जा रही है।
स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह खतरनाक स्थिति पिछले लगभग छह महीने से बनी हुई है, लेकिन तमाम शिकायतों और लिखित सूचनाओं के बावजूद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि विभाग के एएक्सएन, एसडीओ और जेई को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। लगातार पानी के रिसाव से ट्रांसफार्मर के नीचे की मिट्टी धंसती जा रही है, जिससे ट्रांसफार्मर के असंतुलित होने और गिरने का खतरा बढ़ गया है। व्यस्त बाजार और सड़क किनारे स्थित यह ट्रांसफार्मर दिनभर हजारों लोगों की आवाजाही के बीच लगा है, ऐसे में हादसे की स्थिति में जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी शायद किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं। लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा लगातार व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश देते रहे हैं, इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है।
इस मामले में जलकल विभाग के एक्सईएन उत्कर्ष राय ने बताया कि उन्होंने स्वयं लिखित रूप से बिजली विभाग को स्थिति से अवगत करा दिया है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर के नीचे से गुजर रही पाइपलाइन काफी चौड़ी है और लगातार रिसाव के कारण हालात दिन प्रतिदिन खराब होते जा रहे हैं। यदि समय रहते संयुक्त रूप से कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिजली विभाग और जलकल विभाग तत्काल संयुक्त निरीक्षण कर ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करे तथा क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से पहले स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।