किसान क्रेडिट कार्ड जागरूकता अभियान शुरू, सभी विकासखण्डों में आयोजित हुई कृषक गोष्ठी
Gargachary Times
20 May 2026, 20:53
67 views
Firozabad
जनपद फिरोजाबाद में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) संतृप्तिकरण एवं जागरूकता अभियान के तहत सभी विकासखण्डों में कृषक गोष्ठियों का आयोजन किया गया। शासन के निर्देश पर 15 मई से 31 मई 2026 तक यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड योजना से जोड़ना एवं पुराने कार्डों का नवीनीकरण कराना है।
उप कृषि निदेशक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार किसान क्रेडिट कार्ड पर सामान्य ब्याज दर 7 प्रतिशत वार्षिक निर्धारित है, जबकि समय से ऋण चुकाने वाले किसानों को सरकार द्वारा 3 प्रतिशत की ब्याज छूट प्रदान की जाती है। इससे किसानों को प्रभावी रूप से केवल 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना पड़ता है। योजना के अंतर्गत 1.60 लाख रुपये तक का ऋण बिना गारंटी उपलब्ध कराया जाता है। केसीसी कार्ड की वैधता 5 वर्ष होती है तथा इसका प्रत्येक वर्ष नवीनीकरण आवश्यक है।
दिनांक 20 मई 2026 को विकासखण्ड फिरोजाबाद सभागार में केसीसी बनवाने एवं नवीनीकरण के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान 30 मई 2026 तक सभी विकासखण्ड सभागारों में संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक रमनकान्त त्यागी ने किसानों को समय से ऋण भुगतान करने के लाभ बताए, वहीं भारतीय स्टेट बैंक के फील्ड ऑफिसर सुरेन्द्र ने ओवरड्यू केसीसी खातों को समाप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। खरीफ सीजन के लिए 1,15,316 किसान क्रेडिट कार्ड बनाने तथा 2,09,463 लाख रुपये ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी जितेन्द्र कुमार यादव सहित कृषि विभाग एवं बैंक के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।