Loading...

छेड़छाड़ के विरोध में हुए हमले के बाद पीड़ित परिवार पहुंचा एसपी दफ्तर, कार्रवाई की लगाई गुहार

Gargachary Times 20 May 2026, 20:56 50 views
Firozabad
छेड़छाड़ के विरोध में हुए हमले के बाद पीड़ित परिवार पहुंचा एसपी दफ्तर, कार्रवाई की लगाई गुहार
फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के गांव अरमरा जाट में महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बुधवार को नया मोड़ आ गया। घायल युवक और उसके परिजन न्याय की मांग को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। गौरतलब है कि गांव निवासी मोहम्मद इरफान ने आरोप लगाया था कि गांव के कुछ युवक उसकी पत्नी से आए दिन छेड़छाड़ और अभद्रता करते थे। विरोध करने पर सोमवार रात दबंगों ने इरफान और उसके भाई शाहनवाज पर लोहे की सरिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया था, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बुधवार को पीड़ित की पत्नी और परिवार की अन्य महिलाएं घायल परिजनों को साथ लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को लगातार धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि थाना स्तर पर उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। पीड़ित परिवार ने एसएसपी से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना को लेकर गांव में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Follow Samachar24