Loading...

नौतपा में हांफ रहे ट्रांसफार्मर, कूलर लगाकर किया जा रहा ठंडा

Gargachary Times 20 May 2026, 21:05 121 views
Mathura
नौतपा में हांफ रहे ट्रांसफार्मर, कूलर लगाकर किया जा रहा ठंडा
फरह। नौतपा की भीषण गर्मी और हीटवेव ने सिर्फ इंसानों को ही नहीं, बल्कि बिजली के ट्रांसफार्मरों को भी हांफने पर मजबूर कर दिया है। बढ़ते पारे और रिकॉर्ड तोड़ लोड के बीच ट्रांसफार्मरों को फुंकने से बचाने के लिए फरह स्थित विद्युत सब स्टेशन पर अनोखी पहल की गई है। यहां आधा दर्जन से ज्यादा बड़े कूलर लगाकर ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखा जा रहा है। विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि नौतपा का दबाव लगातार बढ़ रहा है। रोज तापमान में इजाफा हो रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही विद्युत की मांग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। पूरा लोड सीधे ट्रांसफार्मरों पर आ रहा है, जिससे उनके ओवरहीट होकर फुंकने का खतरा बढ़ गया था। एसडीओ ने कहा, "अगर ट्रांसफार्मर फुंक गए तो पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा जाएगी। घंटों तक अंधेरा छा सकता है। इसलिए एहतियातन आधा दर्जन से अधिक बड़े-बड़े कूलर खरीदे गए हैं।" इन कूलरों को सब स्टेशन पर लगे बड़े ट्रांसफार्मरों के बिल्कुल नजदीक सेट किया गया है। कूलर लगातार चल रहे हैं ताकि ट्रांसफार्मरों का तापमान नियंत्रित रहे और वे अत्यधिक गर्म न हों। गौरतलब है कि गर्मी में ट्रांसफार्मरों का तापमान 70 से 80 डिग्री तक पहुंच जाता है। ऐसे में कूलर की ठंडी हवा से उन्हें राहत मिल रही है। विभाग का यह अथक प्रयास है कि किसी भी हाल में विद्युत आपूर्ति सुचारू बनी रहे। स्थानीय लोगों ने भी बिजली विभाग की इस पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि गर्मी में वैसे ही बिजली की आंखमिचौली परेशान करती है। अगर ट्रांसफार्मर ही जवाब दे गए तो हालात और बिगड़ जाएंगे। फिलहाल कूलर के सहारे ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखकर निर्बाध बिजली देने की जद्दोजहद जारी है।
Follow Samachar24