Loading...

'वृंदावनी वैराग्य' फिल्म पर बरसे संत, मंच से भाषण देने वाले खुद पापों में लिप्त: महंत फूलडोल बिहारी दास

Gargachary Times 21 May 2026, 20:49 61 views
Mathura
'वृंदावनी वैराग्य' फिल्म पर बरसे संत, मंच से भाषण देने वाले खुद पापों में लिप्त: महंत फूलडोल बिहारी दास
वृंदावन। धार्मिक नगरी वृंदावन की पावन छवि को धूमिल करने का आरोप लगाते हुए संतों और स्थानीय निवासियों ने 'वृंदावनी वैराग्य' फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। फिल्म में अश्लीलता और स्थानीय स्तर पर मिले सहयोग को लेकर ब्रजवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में राधा रमण मंदिर के गोस्वामी समाज की भूमिका सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है। सूत्रों के अनुसार, फिल्म में राधा रमण मंदिर के पुष्पांग गोस्वामी का एक वीडियो नजर आ रहा है। इतना ही नहीं, फिल्म के अंत में आभार सूची श्रीवत्स गोस्वामी' का नाम भी प्रमुखता से दिखाया गया है। फिल्म के अधिकांश दृश्यों की शूटिंग राधा रमण मंदिर के आस-पास के क्षेत्रों में की गई है। आरोप है कि फिल्म के कई आपत्तिजनक और अश्लील दृश्य मंदिर के समीप ही स्थित एक गोस्वामी के मकान में फिल्माए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चैतन्य कुटी आश्रम के श्री महंत फूलडोल बिहारी दास महाराज ने कहा कि ऐसे लोगों की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। ये वो लोग हैं जो मंच पर बैठकर जनता को तो बड़े-बड़े धार्मिक भाषण देते हैं, लेकिन खुद इस तरह के पापों और घिनौने कृत्यों में लिप्त हैं। ऐसी फिल्में वृंदावन की पवित्रता और छवि पर सीधा प्रहार हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिनेश फलाहारी ने प्रशासन से इस विवादित फिल्म पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि फिल्म के निर्माता और निर्देशक पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वृंदावन में शूटिंग के दौरान जिन भी स्थानीय लोगों या गोस्वामियों ने इस फिल्म को बनाने में मदद की है, उन्हें भी सह-आरोपी बनाकर कार्रवाई के दायरे में लाया जाए। धार्मिक नगरी में इस फिल्म को लेकर उपजा यह विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। अश्लीलता के आरोपों से घिरी यह फिल्म आने वाले दिनों में वृंदावन के और किस-किस रसूखदार चेहरे का राज खोलती है, इस पर पूरे ब्रज क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे धर्म की आड़ में इस तरह की अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
Follow Samachar24