गांव की बेटी ज्योति बनी मिसाल, पुस्तकालय की मदद से हासिल की यूपी पुलिस में सफलता
Gargachary Times
21 May 2026, 20:54
46 views
Firozabad
जसराना ब्लॉक के छोटे से गांव सुरेल नगला कांछी की रहने वाली कु. ज्योति शाक्य ने मेहनत, लगन और प्रशासन की पहल के सहारे सफलता की नई कहानी लिख दी। साधारण परिवार से आने वाली ज्योति ने यूपी पुलिस परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
ज्योति के पिता देवेन्द्र सिंह सामान्य ग्रामीण पृष्ठभूमि से जुड़े हैं। सीमित संसाधनों के बीच ज्योति का सपना खाकी वर्दी पहनकर देश सेवा करना था, लेकिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जरूरी किताबें, शांत माहौल और आर्थिक संसाधनों की कमी बड़ी चुनौती थी। ऐसे में उत्तर प्रदेश शासन की युवा सशक्तिकरण योजना के तहत ग्राम पंचायत सुरेल नगला कांछी में स्थापित आधुनिक डिजिटल पुस्तकालय ज्योति के लिए उम्मीद की नई किरण साबित हुआ।
पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित मानक पुस्तकें निःशुल्क उपलब्ध थीं। यहां पढ़ाई का बेहतर माहौल मिलने से ज्योति को शहर जाकर कोचिंग या लाइब्रेरी का सहारा नहीं लेना पड़ा। समय और खर्च दोनों की बचत होने से वह पूरी तरह पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकी।
कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों का पूरा लाभ उठाते हुए ज्योति ने यूपी पुलिस परीक्षा में सफलता हासिल की। आज वह गांव की बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी है। ज्योति की सफलता यह साबित करती है कि यदि शासन की योजनाएं सही दिशा में लागू हों और युवाओं को उचित मंच मिले, तो गांव की प्रतिभाएं भी बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं।