भीषण गर्मी में लक्की ट्रस्ट बना राहत का सहारा, राहगीरों को पिलाया शीतल शरबत
Gargachary Times
22 May 2026, 21:00
69 views
Firozabad
फिरोजाबाद। भीषण गर्मी और तेज लू के बीच जसराना क्षेत्र में लक्की ट्रस्ट अतुर्रा ने मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए राहगीरों के लिए शीतल शरबत वितरण कैंप लगाया। परानपुर मोड़ स्थित ट्रस्ट कार्यालय पर आयोजित इस सेवा अभियान में सैकड़ों राहगीरों, मजदूरों और वाहन चालकों को ठंडा शरबत पिलाकर गर्मी से राहत पहुंचाई गई।
ट्रस्ट के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि जसराना क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य जरूरतमंदों और राहगीरों को राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जब तक क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप रहेगा, तब तक यह अभियान लगातार जारी रखा जाएगा, ताकि कोई भी राहगीर प्यासा न रहे।
ट्रस्ट के संरक्षक डॉ. बिजेंद्र वर्मा ने बताया कि वर्ष 2024 में स्थापित यह ट्रस्ट लगातार समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय है। ट्रस्ट गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी ट्रस्ट सड़क हादसे में घायल युवक के इलाज का पूरा खर्च उठाकर मानवता का परिचय दे चुका है।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के प्रतिनिधि दिनेश लोधी, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, सचिव मुकेश कुमार, सत्यप्रकाश, बलराम, जगतवीर, अनुज, गौरव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने स्वयं राहगीरों को शरबत पिलाया। शरबत पीने के बाद लोगों ने ट्रस्ट के इस सेवा कार्य की जमकर सराहना की। राहगीरों ने कहा कि भीषण गर्मी में इस तरह का सेवा कार्य लोगों को बड़ी राहत दे रहा है।