जन्मदिन की दावत में नशीला पदार्थ खिलाकर 18 लाख की डकैती
Gargachary Times
22 May 2026, 21:03
65 views
Firozabad
शिकोहाबाद। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के मोहल्ला शान वाली गली में जन्मदिन की दावत के बहाने एक किराएदार द्वारा अपने ही मकान मालिक के घर बड़ी वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि किराएदार ने केक और मिठाई में नशीला पदार्थ मिलाकर मकान मालिक को बेहोश कर दिया और घर से करीब 18 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
बताया गया है कि किराएदार ने अपने जन्मदिन के मौके पर मकान मालिक को भोज पर बुलाया था। इस दौरान केक और मिठाई खिलाई गई। खाने के कुछ देर बाद मकान मालिक की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर किराएदार घर में रखी नकदी लेकर फरार हो गया।
घटना के समय घर में मकान मालिक का बेटा और वृद्ध पिता मौजूद थे, जबकि पत्नी लखनऊ दर्शन करने गई हुई थी। रातभर मकान मालिक को होश नहीं आया। सुबह हालत गंभीर देख परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार किराएदार की तलाश में जुट गई है।
घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।