ADTC सेंटर का भव्य उद्घाटन, युवाओं को मिलेगा आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण और पारदर्शी लाइसेंस प्रक्रिया
Gargachary Times
23 August 2025, 21:45
212 views
Firozabad
जिले के ज़हलपुर वज़ीरपुर में शुक्रवार को ADTC का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर फ़िरोज़ाबाद के एआरटीओ सुरेश यादव ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद एआरटीओ ने पूरे ट्रेनिंग सेंटर का निरीक्षण किया और ड्राइविंग प्रशिक्षण की पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस सेंटर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहाँ लगभग 46 कैमरे लगे हैं, जिनकी मदद से प्रशिक्षण और टेस्ट पूरी तरह पारदर्शी होंगे। प्रशिक्षुओं को पहले क्लासरूम में गाड़ी चलाने के नियम और मशीनरी की जानकारी दी जाएगी, उसके बाद ही उन्हें टेस्ट देने की अनुमति होगी।
एआरटीओ सुरेश यादव ने कहा – “यह केंद्र युवाओं को उच्च गुणवत्ता वाला प्रशिक्षण देगा और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देगा। ADTC सेंटर से ड्राइविंग प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगेगी।
सरकार का दावा है कि इस सेंटर से न केवल योग्य और जिम्मेदार चालक तैयार होंगे, बल्कि लाइसेंस प्रक्रिया में भी पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। डिजिटल कैमरा मॉनिटरिंग के चलते अब कोई भी गड़बड़ी संभव नहीं होगी और दलालों की भूमिका खत्म होगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे सड़क हादसे कम होंगे और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।