Loading...

थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी जनसमस्याएं, भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

Gargachary Times 23 May 2026, 19:41 1 views
Firozabad
थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी जनसमस्याएं, भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
फिरोजाबाद। थाना दक्षिण में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को शीघ्र न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफियाओं और लोगों को प्रताड़ित करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर जांच कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान नई बस्ती निवासी अनीता अग्रवाल ने शिकायत करते हुए बताया कि सिविल लाइन फिरोजाबाद में वाद संख्या 541/2025 विचाराधीन होने के बावजूद उनके भाई विवेक अग्रवाल को पुलिस द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी को जांच के आदेश दिए, ताकि पीड़ित परिवार को राहत और सुरक्षा मिल सके। वहीं थाना उत्तर क्षेत्र के कबीर नगर निवासी अविनाश कुमार कोरी ने शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2014 में खरीदे गए मौजा लालऊ स्थित 465 वर्ग मीटर के प्लॉट पर कुछ दबंग अवैध कब्जे का प्रयास कर रहे हैं तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। जिलाधिकारी ने प्रभारी निरीक्षक दक्षिण को तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा राजस्व विभाग के साथ समन्वय कर भूमि की पैमाइश कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा। इस अवसर पर एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24