Loading...

मक्का के खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी, दो दिन से था लापता

Gargachary Times 23 May 2026, 19:41 37 views
Firozabad
मक्का के खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी, दो दिन से था लापता
फिरोजाबाद। थाना नगला खंगार क्षेत्र के ग्राम कोटरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव मक्का के खेत में पड़ा मिला। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई तथा परिजनों में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोटरा निवासी 28 वर्षीय विपिन कुमार कश्यप पुत्र राजवीर सिंह बीते 21 मई 2026 से लापता था। मृतक के बड़े भाई एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि कुमार ने बताया कि 21 मई को नगला दानी चौराहे से करू नाम का व्यक्ति विपिन को अपने साथ ले गया था। बाद में करू वापस लौट आया और उसने विपिन को गांव की सड़क पर उतार देने की बात कही। इसके बाद विपिन घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। लगातार दो दिन तक खोजबीन करने के बाद शनिवार सुबह विपिन का शव पापरी गांव स्थित कालीचरन के मक्का के खेत में सड़क किनारे पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। बताया गया है कि शव घर से करीब 400 मीटर दूरी पर मिला। मृतक विपिन मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी सर्वेश देवी तथा 6 वर्षीय पुत्र गोपाल है। विपिन पांच भाइयों और तीन बहनों में शामिल था। युवक की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Follow Samachar24