बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के विरोध में सपा का हल्लाबोल, बिजली घर पर धरना
Gargachary Times
25 May 2026, 19:39
1 views
Mathura
मनोज अग्रवाल
धार्मिक नगरी वृंदावन में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज और स्मार्ट मीटर की समस्याओं को लेकर आज समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पल भर बिजली घर पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव भारत भूषण शर्मा और युवजन सभा महानगर अध्यक्ष अंकित वाष्णेय के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश सचिव भारत भूषण शर्मा ने कहा कि वृंदावन में लगातार बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से आम जनता, व्यापारी वर्ग और श्रद्धालु भारी परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल, पंखे, कूलर और अन्य जरूरी सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। कई मोहल्लों में ट्रांसफार्मरों पर ओवरलोड होने के कारण लगातार फॉल्ट हो रहे हैं, जिससे पूरी बिजली व्यवस्था चरमरा गई है।
उन्होंने विद्युत विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था को सुचारू किया जाए, जर्जर लाइनों और ट्रांसफार्मरों को बदला जाए तथा कटौती की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
वहीं युवजन सभा महानगर अध्यक्ष अंकित वाष्णेय ने स्मार्ट मीटरों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर शिकायतें सामने आई हैं कि ये मीटर तेज चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब स्मार्ट प्रीपेड मीटर सही थे तो बाद में उन्हें पोस्टपेड क्यों किया गया। साथ ही उन्होंने विद्युत विभाग की वर्टिकल व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि अधिकारी जनता की समस्याएं सुनने को तैयार नहीं हैं।
धरना-प्रदर्शन के दौरान पवन ठाकुर, छोटू ठाकुर, दीपक गोयल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रह।