अधिक मास में राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ द्वारा शीतल जल एवं लस्सी प्रसाद वितरण राणापत घाट पर श्रद्धालुओं और परिक्रमार्थियों की सेवा में जुटा राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ
Gargachary Times
25 May 2026, 19:39
1 views
Mathura
वृंदावन। राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ महानगर इकाई के तत्वावधान में अधिक मास के पावन अवसर पर वृंदावन धाम के परिक्रमा मार्ग स्थित राणापत घाट पर श्रद्धालुओं, परिक्रमार्थियों एवं आमजन के लिए शीतल जल एवं लस्सी प्रसाद वितरण सेवा का शुभारंभ किया गया। भीषण गर्मी एवं उमस के बीच श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करने हेतु आयोजित इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों एवं भक्तों ने सराहना की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ के संस्थापक पंडित चंद्र लाल शर्मा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य आनंद बल्लभ गोस्वामी ने संयुक्त रूप से कहा कि राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ सदैव समाज एवं सनातन संस्कृति की सेवा के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि अधिक मास अत्यंत पुण्यदायी एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है, इसलिए इस पावन अवधि में संघ द्वारा सेवा कार्यों की श्रृंखला प्रारंभ की गई है। आने वाले दिनों में अधिक मास की विभिन्न तिथियों एवं धार्मिक आयोजनों के अनुसार संघ द्वारा अनेक सामाजिक एवं धार्मिक सेवाएं संचालित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि वृंदावन धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं परिक्रमार्थियों की सेवा करना ही सच्चा धर्म है। सेवा, संस्कार एवं सनातन परंपराओं के संरक्षण हेतु राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ निरंतर कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजू द्विवेदी “राजू भैया” एवं महानगर अध्यक्ष गोविंद नारायण शर्मा ने कहा कि महानगर इकाई निरंतर समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रहती है। समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, धार्मिक आयोजन एवं जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ द्वारा प्रतिदिन राणा पत घाट पर यमुना मैया की भव्य आरती भी की जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को शीतल जल एवं लस्सी प्रसाद वितरित किया गया तथा सेवा कार्य में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष पंडित अखिलेश तिवारी, गोपाल नारायण शर्मा, विराट नारायण, नितिन शर्मा, दीपक मोतीवाला, बृजेश शर्मा, शिबू शर्मा एवं चिंतन वल्लभ गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने अधिक मास में निरंतर सेवा कार्य करते रहने का संकल्प लिया।