Loading...

पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ, पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी

Gargachary Times 25 May 2026, 19:41 38 views
Agra
पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ, पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी
आगरा। यमुना नदी तट पर श्री मनःकामेश्वर मंदिर मठ द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सोमवार को पूर्णाहुति, ब्राह्मण विदाई और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में संपन्न हो गया। अंतिम दिवस कथा मंडपम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हवन-पूर्णाहुति के पश्चात पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। विशाल कथा मंडपम में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और “हरि बोल” के जयकारों के बीच पूर्णाहुति संपन्न हुई। इसके बाद ब्राह्मणों का सम्मान एवं विधिवत विदाई की गई। श्रद्धालुओं ने भावुक मन से कथा विश्राम के क्षणों को अनुभव किया। ब्राह्मण सेवा और सनातन परंपरा का महत्व कथा व्यास महंत योगेश पुरी ने पूर्णाहुति और ब्राह्मण सेवा का महत्व बताते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में ब्राह्मण केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि वेद ज्ञान और धर्म परंपरा के संवाहक हैं। जहां ब्राह्मणों का सम्मान और सेवा होती है, वहां ईश्वर की विशेष कृपा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि यज्ञ, कथा और धर्म आयोजन तभी पूर्ण माने जाते हैं, जब उनमें सेवा, समर्पण और कृतज्ञता का भाव हो। ब्राह्मण विदाई केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि ज्ञान और धर्म के प्रति सम्मान प्रकट करने का माध्यम है। श्रद्धालुओं के सहयोग से बना आध्यात्मिक महाकुंभ मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, सेवाभावियों और व्यवस्थापकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यमुना तट पर आयोजित यह श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, ब्रज परंपरा और सामाजिक समरसता का महाकुंभ बन गया। उन्होंने कहा कि सात दिनों तक हजारों श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण, यमुना आरती, गौ पूजन, रुद्राभिषेक और बाल संस्कार शिविर में सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। कथा मंडपम में प्रतिदिन उमड़ी श्रद्धा यह प्रमाण है कि समाज आज भी अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक जड़ों से गहराई से जुड़ा हुआ है। 31 मई को निशुल्क गंगा स्नान को रवाना होगी बस मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि 31 मई को श्रवण गंगा सेवा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क गंगा स्नान बस यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कोई भी श्रद्धालु सहभागिता कर सकते हैं। सूर्य प्रताप सिंह द्वारा ये लगातार 51 सेवा रहेगी।
Follow Samachar24