अभियोजन कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना प्राथमिकता: डीएम
Gargachary Times
25 May 2026, 19:56
70 views
Firozabad
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पीड़ितों को त्वरित एवं समयबद्ध न्याय दिलाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने न्यायालयों एवं विभिन्न स्तरों पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अभियोजन अधिकारियों से गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में प्रभावी पैरवी करने को कहा, ताकि अपराधियों को शीघ्र सजा मिल सके और पीड़ितों को न्याय प्राप्त हो।
जिलाधिकारी ने अभियोजन विभाग के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और तेजी लाने पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और पीड़ित नागरिकों को बिना विलंब न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभियोजन कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी निष्ठा से कार्य करने के निर्देश दिए तथा भविष्य में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करने की बात कही।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जसवाल, एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी, संयुक्त निदेशक अभियोजन सुनील सिंह पटेल सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं अभियोजन कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।