नेशनल हाईवे 34 पर दर्दनाक सड़क हादसा
Gargachary Times
25 May 2026, 19:59
40 views
Mainpuri
मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र अंतर्गत शरीफपुर गांव के पास नेशनल हाईवे 34 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसा उस समय हुआ जब अलीगढ़ से कानपुर की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो और गलत दिशा से आ रही एक वेग्नोर कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वेग्नोर कार पूरी तरह पलट गई और उसमें सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वेग्नोर कार संख्या UP83AK5805 में सवार दीपु पुत्र राजेश कुमार, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी मोहल्ला भीमनगर, भोंगांव थाना भोगांव, जनपद मैनपुरी की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। वहीं कार में सवार शितेश कुमार पुत्र सर्वेश सिंह, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी मोहल्ला भीमनगर, भोगांव थाना भोंगांव मैनपुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
वहीं दूसरी ओर स्कॉर्पियो वाहन संख्या UP81DP3932 में सवार सत्येंद्र कुमार पुत्र छोटेलाल, निवासी नगला बाटुल, थाना पाली मुकीमपुर, जनपद अलीगढ़ अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। हादसे में उनकी तीन माह की मासूम बच्ची भी घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह गलत दिशा से आ रही कार को माना जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।