Loading...

बी.एड. प्रवेश परीक्षा को स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक सुचिता पूर्वक सम्पन्न करायें-जिलाधिकारी

Gargachary Times 26 May 2026, 18:58 45 views
Mainpuri
बी.एड. प्रवेश परीक्षा को स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक सुचिता पूर्वक सम्पन्न करायें-जिलाधिकारी
मैनपुरी - जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने 31 मई को आयोजित होने वाली बी.एड. प्रवेश परीक्षा को सम्पन्न कराने हेतु तैनात केन्द्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ आयोजित बैठक में कहा कि परीक्षा प्रत्येक दशा में सुचिता पूर्ण सम्पन्न करानी है, परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी केन्द्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, स्टेटिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, सचल दल में तैनात अधिकारी सभी सौंपे गये दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर परीक्षा को नकलविहीन, शान्तिपूर्ण ढ़ग से सम्पन्न करायें, यदि किसी के द्वारा परीक्षा में विघ्न डालने की कोशिश की जाये तो उसके विरूद्व कठोरतम कार्यवाही की जाये। उन्होने कहा कि परीक्षा केन्द्र के मुख्य द्वार पर प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन तलाशी ली जाये, परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक, परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारी, कर्मचारी को परीक्षा कक्ष के भीतर मोबाइल ले जाना प्रतिबन्धित होगा, परीक्षा के दिन सभी कक्षों के सी.सी.टी.वी. कैमरे क्रियाशील रहें और कक्ष का प्रत्येक परीक्षार्थी सी.सी.टी.वी. की जद में रहे, कंट्रोल रूम से प्रत्येक परीक्षा केन्द्र की गतिविधि पर सी.सी.टी.वी. के माध्यम से पैनी नजर रखी जाये। उन्होने सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित करते हुए कहा कि वह दि. 31 मई को परीक्षा प्रारंभ होने से 02 घंटे पूर्व प्रश्न पत्र गोपनीय सामग्री जिला कोषागार कार्यालय पर उपस्थित होकर शस्त्र पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा सामग्री को परीक्षा केन्द्र पर केन्द्र व्यवस्थापक को उपलब्ध करायेंगे, परीक्षा समाप्ति के उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं को वापस नोडल अधिकारी को उपलब्ध करायें साथ ही अपने-अपने सेक्टर में भ्रमणशील रहकर परीक्षा को शांति, सुचिता पूर्वक एवं नकलविहीन कराना सुनिश्चित करें। श्री त्रिपाठी ने केन्द्र व्यवस्थापकों से कहा कि आयोग के निर्देशों का भलि-भांति अध्ययन कर लें, परीक्षा अवधि में ऐसा कोई कृत्य न किया जाये जिससे परीक्षा की सुचिता पर आंच आये। उन्होने कहा कि परीक्षा प्रारंभ होने पर पर्यवेक्षक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट निरंतर भ्रमणशील रहकर प्रत्येक कक्ष की गतिविधियों पर नजर रखें, परीक्षा केंद्र के ऐसे कक्षों जिनमें परीक्षा नहीं हो रही है उनकी भी सघन तलाशी कराई जाए। उन्होने स्टेटिक मजिस्ट्रेट से कहा कि परीक्षा केन्द्रो के आस-पास पैनी नजर रखें, परीक्षा तिथि से 01 दिन पूर्व यानि 30 मई को स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने परीक्षा केन्द्र का भ्रमण कर खासतौर पर सी.सी.टी.वी. कैमरों की क्रियाशीलता, परीक्षार्थियों हेतु पीने के पानी की उपलब्धता, परीक्षा कक्षों में प्रकाश व्यवस्था, सीलिंग फैन की क्रियाशीलता को अवश्य चैक कर लें, परीक्षा की तिथि को परीक्षा प्रारंभ होने के 02 घंटे पूर्व परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होकर अपनी देख-रेख में सम्पन्न करायें, दायित्वों में लापरवाही अक्षम्य होगी। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी 05 परीक्षा केन्द्रांे पर 01-01 ठंडे पानी के टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करायें, मुख्य चिकित्साधिकारी परीक्षा केन्द्रांे पर पर्याप्त मात्रा में ओ.आर.एस. घोल, सामान्य दावाओं की उपलब्धता के साथ एंबुलेंस, मेडिकल टीम की तैनाती करें। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि सभी कन्द्र व्यवस्थापक अपने-अपने केन्द्रों पर समय से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें, गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रख अभिभावकों के बैठने का स्थान चिन्हित करें। उन्होने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रहेगा, आप सब काफी अनुभवी हैं और इससे पूर्व कई परीक्षाओं को सकुशल सम्पन्न करा चुके हैं, बी.एड. प्रवेश परीक्षा को भी सकुशल, नकलविहीन सम्पन्न कराने में अपना योगदान दें। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि 31 मई को बी.एड. प्रवेश परीक्षा 02 पालियों में जनपद के 05 परीक्षा केन्द्रों पर प्रथम पाली प्रातः 09 बजे से 12 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपरान्ह 02 बजे से 05 बजे तक आयोजित होगी, प्रवेश परीक्षा में 1900 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। उन्होने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज, कुं. आर.सी. महिला पी.जी. कॉलेज, सनातन धर्म इं.कॉ., श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज एवं श्री चित्रगुप्त पी.जी. कॉलेज में 380-380 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चन्द्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, परियोजना निदेशक सत्येंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक मिश्रा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश बघेल सहित सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात अन्य अधिकारी, केन्द्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।
Follow Samachar24