बेटे की हत्या के इंसाफ के लिए दिव्यांग माता-पिता पहुंचे डीएम दफ्तर, ग्रामीणों ने किया जोरदार प्रदर्शन
Gargachary Times
26 May 2026, 20:23
70 views
Firozabad
फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र स्थित ग्राम नगला बिलोटिया निवासी अतिन जाटव हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय दबरई स्थित डीएम कार्यालय पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान उस समय भावुक माहौल बन गया, जब मृतक अतिन जाटव के दिव्यांग माता-पिता अपने बेटे को इंसाफ दिलाने की गुहार लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे। दोनों माता-पिता शारीरिक रूप से असहाय होने के बावजूद बेटे की हत्या से टूट चुके नजर आए। उनकी आंखों में आंसू और चेहरे पर न्याय की उम्मीद साफ दिखाई दे रही थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इसी नाराजगी के चलते नगला बिलोटिया से बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और पैदल मार्च करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे और धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के चलते डीएम कार्यालय परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।