भीषण गर्मी को देखते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की मांग
Gargachary Times
27 May 2026, 19:49
64 views
Firozabad
फिरोजाबाद /प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तापमान में हो रही वृद्धि को देखते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। इसी क्रम में प्रदेश के समस्त कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में तत्काल ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किए जाने की मांग उठाई गई है।
बताया गया है कि प्रदेश के अधिकांश विद्यालयों में गर्मी की गंभीरता को देखते हुए पहले ही अवकाश घोषित किया जा चुका है, लेकिन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में छात्राएं अभी भी विद्यालय परिसर में रहकर अध्ययन करने को मजबूर हैं। अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इन विद्यालयों में अध्ययनरत अधिकांश छात्राएं ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से सामान्य परिवारों से आती हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और समुचित देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता दिया जाना आवश्यक है।
इस संबंध में अपर मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव शिक्षा विभाग लखनऊ से अनुरोध किया गया है कि प्रदेश के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में भीषण ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए तत्काल ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
साथ ही उम्मीद जताई गई है कि छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए शासन स्तर पर इस विषय में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।