Loading...

फर्जी हाजिरी का विरोध करने पर नगर पालिका कर्मी से मारपीट, बाबू आदित्य कुमार लहूलुहान

Gargachary Times 27 May 2026, 19:51 67 views
Firozabad
फर्जी हाजिरी का विरोध करने पर नगर पालिका कर्मी से मारपीट, बाबू आदित्य कुमार लहूलुहान
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद नगर पालिका में फर्जी हाजिरी लगाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि नगर पालिका के बाबू आदित्य कुमार के साथ कथित रूप से मारपीट कर दी गई। घटना के विरोध में सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी, जिससे नगर पालिका प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया गया है कि 26 मई को नगर पालिका कार्यालय में लिपिक आदित्य कुमार अपने कार्यालय में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कुछ सफाई कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से फर्जी तरीके से हाजिरी लगाने का दबाव बनाया गया। आदित्य कुमार का आरोप है कि उन्होंने फर्जी हाजिरी लगाने से मना कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि शाम करीब साढ़े छह बजे जब आदित्य कुमार घर से सब्जी लेने जा रहे थे, तभी करीब दो दर्जन लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही गिर पड़े। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया। वहीं घटना के बाद सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। कर्मचारियों का कहना था कि बाबू आदित्य कुमार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की है। उनका कहना था कि जब तक मामला सुलझ नहीं जाता और माफी नहीं मांगी जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। पीड़ित आदित्य कुमार का आरोप है कि थाना पुलिस ने पहले मुकदमा दर्ज करने से इनकार कर दिया। बाद में उन्होंने पुलिस कप्तान से शिकायत की, जिसके बाद थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले को लेकर नगर पालिका में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Follow Samachar24