Loading...

छिरावली गांव के जंगल में लगी भीषण आग, ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा, ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल

Gargachary Times 27 May 2026, 19:55 68 views
Jalaun
छिरावली गांव के जंगल में लगी भीषण आग, ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा, ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल
हरिओम बुधौलिया जालौन के कोंच तहसील क्षेत्र के ग्राम छिरावली में बुधवार दोपहर जंगल में लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। गांव से सटे वन विभाग के दखनी बबूल के विशाल जंगल में अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज गर्म हवाओं के चलते आग के गांव की ओर फैलने की आशंका से ग्रामीण तुरंत अपने घरों से निकल पड़े और आग बुझाने में जुट गए। जानकारी के मुताबिक, जंगल के एक हिस्से से अचानक धुएं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। चूंकि जंगल गांव के बिल्कुल निकट स्थित है, इसलिए ग्रामीणों को डर सताने लगा कि कहीं आग आबादी तक न पहुंच जाए। इसके बाद ग्रामीण हाथों में पानी की बाल्टियां और अन्य संसाधन लेकर जंगल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए जंगल की सीमा पर मोर्चा संभाला और आग को गांव की तरफ बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। काफी देर तक ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने में जुटे रहे। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दमकल गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि गांव के किनारे तक पहुंची आग को काफी हद तक बुझा लिया गया है, लेकिन जंगल के भीतर कई स्थानों पर आग अब भी धधक रही है। फायर ब्रिगेड के जवान लगातार आग बुझाने में लगे हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि किसी चरवाहे द्वारा पी गई बीड़ी बिना बुझाए फेंक देने से आग लगी हो सकती है। फायर ब्रिगेड कार्यालय के प्रभारी लाखन सिंह ने बताया कि छिरावली के जंगल में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
Follow Samachar24