माधौगढ़ प्रीमियम लीग:दूधिया रोशनी में खेले गए मैचों में खिलाड़ियों के बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन पर मौजूद हजारों दर्शक रोमांचित
Gargachary Times
27 May 2026, 19:57
60 views
Jalaun
कोंच(जालौन)- एमएसडी महाविद्यालय तीतरा के मैदान में क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन द्वारा आयोजित माधौगढ़ विधानसभा प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को दूधिया रोशनी में खेले गए मैचों में खिलाड़ियों के बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन पर मौजूद हजारों दर्शक रोमांचित हो उठे।
बतौर अतिथि उप्र सरकार के श्रम एवं सेवा योजन विभाग के राज्यमंत्री मनोहरलाल पंत उर्फ मन्नू कोरी, भाजपा के बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल सहित विधायक मूलचंद्र निरंजन ने क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस कराकर और खिलाड़ियों से हांथ मिलाकर उनका परिचय लेते हुए मैच आरंभ कराया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि भारत देश विविध खेलों का जनक है, प्रदेश एवं देश की भाजपा सरकारों में खेलों को बढ़ावा दिया जाता है। माधौगढ़ विधायक द्वारा उत्तम व्यवस्थाओं के बीच क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन निश्चित रूप से सराहनीय एवं प्रेरणादायक है। यह टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने के सहायक सिद्ध होगा। इससे पूर्व आयोजन समिति प्रमुख आशु निरंजन महतवानी सहित समिति के अन्य सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत सम्मान किया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष कोंच प्रदीप गुप्ता, भाजपा नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल सहित भाजपा के तमाम नेता और कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।
पहला मैच कुंवरपुरा स्टार इलेवन और रहमत इलेवन कालपी के मध्य खेला गया। पहले खेलते हुए कुंवरपुरा की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 7 विकेट खोकर 72 रन बनाए। जबाव में रहमत इलेवन की टीम 7 विकेट के पतन पर 68 रन ही बना सकी। कुंवरपुरा टीम के खिलाड़ी अजय सेंगर ने 2 ओवर में मात्र 6 रन खर्च कर 3 विकेट लेकर मेन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता। दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रधान इलेवन जालौन की टीम ने 9 विकेट पर 85 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजर ध्यानचंद इलेवन झांसी की टीम 5 विकेट खोकर सिर्फ 59 रन ही बना सकी और हार का मुंह देखना पड़ा। झांसी की टीम के धुरंधर गेंदबाज राज ने एक ओवर में 8 रन देकर 3 विकेट झटके जिन्हें मेन ऑफ द मैच चुना गया। तीसरे मैच में प्रधान इलेवन जालौन की टीम ने पहले बल्लेबाजी कर 4 विकेट पर 99 रन बनाए। जबाव में कुंवरपुरा स्टार इलेवन टीम 7 विकेट खोकर 67 रन ही बना सकी। प्रधान इलेवन टीम के खिलाड़ी ऋषभ सक्सेना ने 2 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट हासिल किए जिन्हें मेन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।