आबकारी विभाग ने शराब दुकानों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Gargachary Times
27 May 2026, 19:57
71 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी फिरोजाबाद के आदेशों के अनुपालन में तथा उप आबकारी आयुक्त आगरा प्रभार एवं जिला आबकारी अधिकारी फिरोजाबाद के निर्देशन में बुधवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 शिकोहाबाद द्वारा अपनी टीम के साथ क्षेत्र अंतर्गत संचालित फुटकर देशी मदिरा एवं कंपोजिट दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों एवं कैंटीन परिसरों में साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही निर्देश दिए गए कि दुकान के बाहर किसी भी व्यक्ति को मदिरा का सेवन न करने दिया जाए। अधिकारियों ने दुकानों पर मांग के अनुरूप विभिन्न ब्रांडों की उपलब्धता बनाए रखने एवं पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण टीम ने दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को निरंतर संचालित रखने, सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा ऑनलाइन भुगतान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा बिक्री किए जाने पर विशेष जोर दिया गया।
आबकारी निरीक्षक ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि सभी बिक्री शत-प्रतिशत पीओएस मशीन के माध्यम से की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और विभागीय नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण अभियान के दौरान दुकानदारों को शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी भी दी गई।