अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन ने किया पैदल मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
Gargachary Times
27 May 2026, 20:18
80 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगामी त्योहारों एवं कानून-व्यवस्था को लेकर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने हेतु अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन ने बुधवार को नाल बंद चौराहे से जैन मंदिर तक पैदल मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था का संदेश दिया गया।
पैदल मार्च के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने बाजारों, मुख्य मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से संवाद कर उनसे शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
मार्च में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम द्वारा मार्ग में पड़ने वाले संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों से सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने एवं यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की भी अपील की।
अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पैदल मार्च से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना रहा तथा लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।