नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन ने पेश की मानवता की मिसाल, 59वें अज्ञात शव का सम्मानपूर्वक किया अंतिम संस्कार
Gargachary Times
28 May 2026, 20:44
39 views
Mainpuri
मैनपुरी में मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता की एक अनोखी मिसाल लगातार देखने को मिल रही है। द्वारा एक बार फिर एक अज्ञात व्यक्ति के शव का पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया गया। यह संस्था द्वारा किया गया लगातार 59वां अज्ञात शव का अंतिम संस्कार है।
जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति खुद चलकर मैनपुरी जिला अस्पताल पहुंचा था, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। चिकित्सकों ने तत्काल उसका उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन 72 घंटे बीत जाने के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी और न ही कोई परिजन सामने आया।
इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन से संपर्क किया। सूचना मिलते ही संस्था के सदस्य आगे आए और अज्ञात शव का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल अंतिम संस्कार करना नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देना है कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता।
फाउंडेशन पिछले लंबे समय से सड़क हादसों, लावारिस हालत या अन्य परिस्थितियों में मिले अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार कर रहा है। जब कोई अपना सामने नहीं आता, तब संस्था के सदस्य मृतक का वारिस बनकर धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार करते हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे समय में जब रिश्ते भी कमजोर पड़ जाते हैं, तब फाउंडेशन का यह कार्य समाज को करुणा, संवेदनशीलता और इंसानियत का संदेश देता है। मैनपुरी में लगातार अज्ञात शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर रही यह संस्था अब सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण बन चुकी है।
अंतिम संस्कार कार्यक्रम में मुख्य रूप से शैलू राठौर, अतुल सक्सेना, डॉ. अवनीश, सृजन चौहान, अंचल तिवारी, चंचल दीक्षित, रोहित सक्सेना, डॉ. सुरेंद्र यादव, अनुभव सक्सेना, शिवम वर्मा, रितेश सैनी और सक्षम राजपूत मौजूद रहे। वहीं शहर कोतवाली पुलिस की ओर से अमित सैनी, ललित कुमार, अभिषेक कुमार और विकास भी उपस्थित रहे।