Loading...

ईद-उल-अजहा पर अदा हुई नमाज, अमन-चैन और खुशहाली की मांगी दुआ

Gargachary Times 28 May 2026, 20:47 1 views
Firozabad
ईद-उल-अजहा पर अदा हुई नमाज, अमन-चैन और खुशहाली की मांगी दुआ
फिरोजाबाद। ईद-उल-अजहा का त्योहार गुरुवार को जिलेभर में धार्मिक उल्लास, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया। शहर की प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर देश और प्रदेश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। शहर के गांधी पार्क में भी बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईद की नमाज अदा की। त्योहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। गांधी पार्क में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे सहित भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की गई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे जिले को 8 जोन और 22 सेक्टर में विभाजित किया गया था। प्रत्येक जोन और सेक्टर में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। नमाज स्थलों पर पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी प्रशासन की ओर से सुनिश्चित कराई गई थीं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे शहर में दिनभर भाईचारे, सौहार्द और उत्साह का माहौल बना रहा।
Follow Samachar24