शटडाउन के बावजूद लाइन में दौड़ा करंट, संविदाकर्मी लाइनमैन की मौत
Gargachary Times
28 May 2026, 20:47
34 views
Firozabad
फिरोजाबाद के जसराना क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से एक संविदाकर्मी लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया है कि शटडाउन लेने के बावजूद बिजली लाइन में करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से लाइनमैन रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार 27 वर्षीय रवि कुमार पुत्र राकेश कुमार विद्युत उपकेंद्र जसराना देहात डिवीजन में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत था। वह लाइन पर कार्य कर रहा था, तभी अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई और करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने जसराना बिजलीघर पहुंचकर हंगामा किया और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ राजेन्द्र सिंह, जो पूर्व सैनिक बताए जा रहे हैं, पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि विधिवत शटडाउन लेने के बाद भी लाइन में करंट दौड़ना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। परिजन दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई और मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।