भाई का पक्ष लेने पहुंची किन्नर पर हमला, सिर फूटा
Gargachary Times
28 May 2026, 20:48
68 views
Firozabad
फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के सहजलपुर स्थित ब्लॉक वाली रोड पर बुधवार रात विवाद के दौरान एक किन्नर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि भाई का पक्ष लेने पहुंचने पर दबंगों ने छत से ईंट-पत्थर फेंके, जिससे वह घायल हो गई। साथ ही जान से मारने और गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की तहरीर थाना शिकोहाबाद में दी गई है।
जानकारी के अनुसार जसराना निवासी महक अपने भाई के यहां सहजलपुर स्थित ब्लॉक वाली रोड पर आई हुई थीं। बताया गया है कि महक का भाई किसी परिचित के घर गया था। आरोप है कि वहीं पास में रहने वाले एक व्यक्ति ने उसके भाई के साथ अभद्रता की और उसका वीडियो भी बना लिया।
जब इस घटना की जानकारी महक को हुई तो वह अपने भाई का पक्ष रखने के लिए प्रधान पक्ष के लोगों के पास पहुंची। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने छत से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इसी दौरान एक पत्थर महक के सिर में लग गया, जिससे वह घायल हो गईं।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें गोली मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बना रहा। घायल अवस्था में महक थाना शिकोहाबाद पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।
पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।