वृंदावन में पोशाक गोदाम में भीषण आग, एसी ब्लास्ट से मचा हड़कंप, लाखों का नुकसान
Gargachary Times
28 May 2026, 20:52
43 views
Mathura
वृंदावन। प्रताप बाजार स्थित पुरानी स्टेट बैंक की शाखा के समीप से जा रही गली में स्थित एक पोशाक के गोदाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। आसपास स्थित मकानों में रहने वाले चिंतित हो उठे। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह एसी का ब्लास्ट होना बताया जा रहा है।
छीपी गली में पार्थ बंसल और अमित बंसल का मकान है । इसके निचले हिस्से में परिवार रहता है। तीसरी और चौथी मंजिल पर राधा कृष्ण पोशाक भंडार का गोदाम व पैकिंग का कार्य होता है। चौथी मंजिल पर हुए एसी ब्लास्ट होने से हुए धमाके की चिंगारियों ने वहाँ रखे कपड़ों को तुरंत पकड़ लिया, जो तेजी से तीसरी मंजिल तक फैल गई। हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां और पानी का टैंकर मौके पर पहुँचे। राहत की बात यह रही कि समय रहते रिहायशी मंजिलों से लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। इस अग्निकांड में ठाकुर जी की तैयार पोशाकें और भारी मात्रा में कच्चा माल जलकर राख हो गया, जिससे व्यापारी को करीब 20 से 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हैं।