मथुरा कलेक्ट्रेट पर वर्षों से एक ही कुर्सी पर जमे बाबू और कर्मचारी, व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
Gargachary Times
29 May 2026, 19:18
65 views
Mathura
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा।
जनपद मथुरा के कलेक्ट्रेट और तहसीलों में वर्षों से कई बाबू और कर्मचारी एक ही शीट पर जमे हुए है। अधिकारियों के ट्रांसफर हो जाते हैं लेकिन इन लोगों के ट्रांसफर नहीं होते है। अगर इनके ट्रांसफर हो भी जाते हैं तो यह सेटिंग गेटिंग करके ट्रांसफर रुकवा लेते है या फिर उसी कुर्सी लिए सम्बद्ध हो जाते है। मथुरा की कलेक्ट्रेट और तहसीलों में कई बाबू एवं कर्मचारी ऐसे हैं जो एक ही कुर्सी पर वर्षों से टिके हुए हैं।
वही कुछ अधिकारि भी अपने हिसाब से अपने पसंदीदा बाबू को साथ रखते हैं।
एक ही सीट पर वर्षों से जमे बाबू और कर्मचारियों को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि कई कर्मचारी लंबे समय से एक ही पटल पर कार्यरत हैं, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्व संबंधी फाइलों और अन्य सरकारी कार्यों में मनमानी और देरी की शिकायतें लगातार सुनने में आती है। आम लोगों का कहना है कि मथुरा में अधिकारियों के बदलने के बावजूद कर्मचारियों के पटल नहीं बदले जाते है, जिससे पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय तक एक ही सीट पर तैनाती से कार्यप्रणाली में निष्पक्षता प्रभावित होती है। शासन स्तर पर समय-समय पर तबादला नीति लागू होने के बावजूद कई जगहों पर इसका प्रभाव दिखाई नहीं देता है।
जनता का कहना है की कलेक्ट्रेट और तहसीलों में वर्षों से एक ही सीट पर तैनात कर्मचारियों का सत्यापन कर उनका कार्यक्षेत्र बदला जाए, ताकि सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
वही आपको बताते चलें कि इस समय ट्रांसफर सीजन भी चल रहा है जिसको लेकर तमाम बाबू और कर्मचारी अपनी अपनी जुगाड लगाने में भी लगे है।
कुछ अपना ट्रांसफर अपनी पसंद की जगह पर कराना चाहते है जिसको लेकर वह जुगाड लगाने में लगे पड़े हैं और कुछ कर्मचारी एवं बाबू कोई ना कोई बहाना बनाकर जिला अधिकारी से मुलाकात कर रहे है।
वही लेखपाल भी अपनी तहसील बदलने की जुगाड़ में लगे हुए हैं। महावन तहसील के कुछ लेखपाल सदर तहसील में ट्रांसफर कराने की जुगाड़ में लगे हुए हैं।
अब देखना यह होगा कि कई सालों से एक ही सीट पर जमे और सम्बद्ध किए गए बाबू और कर्मचारियों को अधिकारी हटाते हैं कि नहीं।