वृंदावन पत्रकार संघ ने मनाया हिंदी पत्रकारिता दिवस, वर्तमान पत्रकारिता की दशा और दिशा पर हुआ मंथन
Gargachary Times
31 May 2026, 09:38
34 views
Mathura
पुनीत शुक्ला | वृंदावन
श्रीधाम वृंदावन में नगर निगम के समीप स्थित शहीद लक्ष्मण स्मारक भवन में वृंदावन पत्रकार संघ द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस की पूर्व संध्या पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार को आयोजित इस विशेष समारोह में आधुनिक युग की पत्रकारिता की चुनौतियों और उसकी दिशा को लेकर आए हुए अतिथियों ने अपने-अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए।
कार्यक्रम का गरिमामयी शुभारंभ मां सरस्वती और अमर शहीद पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी के चित्रपट पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान वर्तमान दौर में पत्रकारिता के गिरते और बदलते स्तर पर गंभीर विमर्श किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष रासबिहारी शर्मा ने वर्तमान युग की पत्रकारिता पर अपनी बेबाक राय रखते हुए पत्रकारों को उनके सामाजिक दायित्वों का बोध कराया।
समारोह में पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए वरिष्ठ पत्रकार उमेश शर्मा एवं फोटो जर्नलिस्ट अंशु गौड को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। पत्रकार संघ ने न केवल कलम के सिपाहियों, बल्कि समाज की विभिन्न प्रतिभाओं और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कोरोना योद्धाओं व नायकों को भी मंच प्रदान किया। इसी श्रृंखला में सीबीएसई की जिला टॉपर नित्या गर्ग और जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली कृष्णांगी त्रिपाठी को सम्मानित कर उनकी हौसलाअफजाई की गई।
इसके अतिरिक्त समाज को स्वच्छ और सुचारू बनाए रखने में अपना अहम योगदान देने वाले बिजली विभाग के संविदा कर्मियों एवं स्वच्छता सेवकों को भी मंच पर सम्मानित किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य विशिष्ट वक्ताओं ने भी आधुनिक पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला। विचार व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से मथुरा-वृंदावन नगर निगम के उपसभापति मुकेश सारस्वत, चंद्रोदय मंदिर के पीआरओ अभिषेक मिश्रा, सीओ सदर पीतम पाल सिंह, समाजसेवी अभय वशिष्ठ, सुप्रसिद्ध कवि उमाशंकर राही, महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज, आचार्य बद्रीश, अनूप शर्मा एवं आनंद शर्मा शामिल रहे।
सभी वक्ताओं ने वृंदावन पत्रकार संघ के इस प्रयास की सराहना की। उपस्थित पत्रकारों में अनुपम आचार्य, विपिन पाराशर, पवन गौतम, पुनीत शुक्ला, सुभाष गोस्वामी, महेश गोस्वामी, प्रमेन्द्र अस्थाना, अभिषेक शर्मा, राजा तिवारी, लाखन तोमर, शुभम शर्मा, वैभव भारद्वाज, राज चौधरी, जहीर आलम, हरेंद्र सिंह, कुंज बिहारी शर्मा, कृष्णकांत सारस्वत, राहुल ठाकुर, प्रेम कौशिक, द्वारकेश बर्मन, कन्हैयालाल सारस्वत, रघुवीर बघेल, दयाल सिंह, मुकेश पाठक, संजय सिंह, मनीष शर्मा आदि उपस्थित रहे।