Loading...

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 16 केंद्रों पर होगी कड़ी निगरानी

Gargachary Times 31 May 2026, 09:39 38 views
Mathura
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 16 केंद्रों पर होगी कड़ी निगरानी
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए मथुरा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मथुरा जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों, रिजर्व मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि पुलिस भर्ती परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून 2026 को जनपद के 16 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 6,240 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 16 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेटों को परीक्षा शुरू होने से पूर्व केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने तथा परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 8, 9 और 10 जून को परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित सभी फोटोस्टेट एवं साइबर कैफे की दुकानें बंद रहेंगी, जिससे किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने 31 मई को आयोजित होने वाली बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को भी सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए और अधिकारियों से समय से केंद्रों पर पहुंचकर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर सुशील कुमार, चंद्र भूषण प्रताप, संजय सिंह, नरेंद्र यादव, प्रशासनिक अधिकारी प्रभात माहेश्वरी सहित विभिन्न अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
Follow Samachar24