Loading...

विश्व माहवारी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं को वितरित किए गए सैनिटरी पैड

Gargachary Times 31 May 2026, 09:41 31 views
Firozabad
विश्व माहवारी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं को वितरित किए गए सैनिटरी पैड
फिरोजाबाद। विश्व माहवारी दिवस (28 मई) के अवसर पर ग्राम दौलतपुर, ब्लॉक नारखी में शुभ चिंतक इंडिया चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा महिलाओं एवं किशोरियों के लिए माहवारी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करना तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमण से बचाव तथा सैनिटरी पैड के सही उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों एवं ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि मासिक धर्म महिलाओं की एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं एवं किशोरियों को निशुल्क सैनिटरी पैड भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और माहवारी स्वच्छता से जुड़े संदेशों को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया। ट्रस्ट के अध्यक्ष मदन गोपाल ने कहा कि माहवारी कोई शर्म या संकोच का विषय नहीं है, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता फैलाकर महिलाओं और किशोरियों को स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट की वॉलिंटियर प्रवेश देवी, शिवानी देवी एवं अजीत कुमार का विशेष सहयोग रहा। उपस्थित लोगों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
Follow Samachar24