Loading...

रिसोर्स सेंटरों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को मिल रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और चिकित्सीय सेवाएं: बीएसए

Gargachary Times 31 May 2026, 09:41 37 views
Firozabad
रिसोर्स सेंटरों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को मिल रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और चिकित्सीय सेवाएं: बीएसए
फिरोजाबाद में समावेशी शिक्षा को मिल रही नई दिशा, दो नए रिसोर्स सेंटर खोलने का प्रस्ताव फिरोजाबाद। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (दिव्यांग बच्चों) को गुणवत्तापूर्ण समावेशी शिक्षा एवं चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जनपद फिरोजाबाद में संचालित रिसोर्स सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, लखनऊ के निर्देशों तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में जनपद के छह विकास खंडों में रिसोर्स सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन रिसोर्स सेंटरों में दिव्यांग बच्चों को शैक्षिक, चिकित्सीय, पुनर्वास, फिजियोथेरेपी तथा अन्य सहायक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने हाल ही में शिकोहाबाद स्थित कम्पोजिट विद्यालय दखिनारा तथा ब्लॉक संसाधन केंद्र टूण्डला का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पेशल एजूकेटर्स को निर्देश दिए कि पूर्ण दृष्टिबाधित, लो-विजन, सेरेब्रल पाल्सी, मानसिक दिव्यांगता, श्रवण बाधित, ऑटिज्म एवं अन्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उनकी जरूरतों के अनुरूप व्यक्तिगत शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।रिसोर्स सेंटरों में दृष्टिबाधित बच्चों को ब्रेल लिपि, श्रवण कौशल एवं गतिशीलता प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि लो-विजन बच्चों को मैग्नीफायर, बड़े अक्षरों वाली पुस्तकों एवं विशेष शिक्षण सामग्री के माध्यम से पढ़ाया जा रहा है। मानसिक दिव्यांगता वाले बच्चों के लिए स्मृति विकास, दैनिक जीवन कौशल और आत्मनिर्भरता से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।श्रवण बाधित बच्चों को सांकेतिक भाषा और संचार कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वहीं सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों को फिजियोथेरेपी, संतुलन एवं मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाले अभ्यास कराए जा रहे हैं। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। दिव्यांग बच्चों में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सत्र 2026-27 में विकास खंड अरांव और खैरगढ़ में दो नए रिसोर्स सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को समावेशी शिक्षा और आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
Follow Samachar24