स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, खराब प्रदर्शन पर तय होगी जवाबदेही: जिलाधिकारी
Gargachary Times
31 May 2026, 09:43
33 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर संचालित स्वास्थ्य योजनाओं, चिकित्सा सुविधाओं एवं जनसेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य सूचकांकों के आधार पर सभी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खराब प्रदर्शन करने वाले प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सीएचसी एवं पीएचसी के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित करने की बात कही।
मौसम विभाग द्वारा जारी हीट वेव अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कूलिंग सेंटर सक्रिय करने, वहां कूलर, बैठने की समुचित व्यवस्था, ओआरएस घोल और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।ओपीडी प्रबंधन में पारदर्शिता लाने के लिए जिलाधिकारी ने प्रत्येक चिकित्सक का अलग ओपीडी रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि किस डॉक्टर ने कितने मरीजों का उपचार किया है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों को बाहर की दवाएं न लिखने के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को उपलब्ध दवाएं दी जाएं अथवा उन्हें जन औषधि केंद्रों से जेनेरिक दवाएं लेने के लिए प्रेरित किया जाए। आवश्यक दवाओं की सूची एवं स्टॉक की जानकारी भी फार्मासिस्ट काउंटर पर प्रदर्शित करने को कहा गया।बैठक में अवैध अस्पतालों एवं अप्रमाणित चिकित्सकों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी निष्क्रिय आयुष्मान कार्डों को तत्काल सक्रिय करने तथा प्रत्येक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को प्रतिदिन कम से कम पांच नई आयुष्मान आईडी बनाने का लक्ष्य दिया।
आभा (ABHA) डिजिटल हेल्थ अकाउंट की समीक्षा के दौरान केवल 60 प्रतिशत प्रगति मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं पल्स पोलियो अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को माइक्रो प्लान तैयार कर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत आधारशिला बताते हुए उनके मानदेय का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।