हीट वेव को लेकर डीएम अलर्ट, सीएचसी सिरसागंज में कूलिंग सेंटर बनाने के निर्देश
Gargachary Times
31 May 2026, 09:44
41 views
Firozabad
फिरोजाबाद: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को सिरसागंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और अभिलेखों की जांच की। साथ ही हीट वेव को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि अस्पताल में हीट वेव से बचाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए तत्काल कूलिंग सेंटर स्थापित किया जाए। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों सुनीता, रोशनी, सत्य प्रकाश और सुमित्रा से बातचीत कर उपचार और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। सभी मरीजों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एक व्यक्ति को तंबाकू का सेवन करते देख फटकार लगाई और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए पाया कि 217 पात्र महिलाओं में से केवल 135 को ही लाभ मिला है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शेष सभी पात्र महिलाओं को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा में पता चला कि अस्पताल क्षेत्र में 117 आयुष्मान आईडी बनी हैं, जिनमें से 67 निष्क्रिय हैं। जिलाधिकारी ने सभी निष्क्रिय आईडी तत्काल सक्रिय कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं भी सामने आईं। डॉ. महेश चंद्र द्वारा मरीजों की उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। वहीं औषधि वितरण कक्ष में ओपीडी में 15 मरीजों का पंजीकरण होने के बावजूद 60 लोगों को दवाएं वितरित किए जाने की विसंगति पाई गई। उन्होंने दवा वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और नए व पुराने मरीजों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान ज्योति नामक महिला ने शिकायत की कि वह अपने पुत्र अक्षत के जन्म प्रमाण पत्र के लिए दो दिनों से अस्पताल के चक्कर लगा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को दो घंटे के भीतर प्रमाण पत्र जारी करने का अल्टीमेटम दिया और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा हीट वेव से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।