आबकारी विभाग की छापेमारी में 17 लीटर कच्ची शराब बरामद, 45 किलो लहन नष्ट
Gargachary Times
31 May 2026, 09:48
59 views
Firozabad
फिरोजाबाद। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने शिकोहाबाद क्षेत्र में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कच्ची शराब और लहन बरामद किया। कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में एक अभियोग भी पंजीकृत किया गया।आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी फिरोजाबाद के निर्देशों तथा जिला आबकारी अधिकारी के कुशल निर्देशन में शुक्रवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 शिकोहाबाद जी.के. वर्मा ने अपनी टीम के साथ थाना शिकोहाबाद क्षेत्र स्थित प्रतापपुरा गिहार कॉलोनी एवं तहसील तिराहा गिहार कॉलोनी में आकस्मिक दबिश दी।
छापेमारी के दौरान कई घरों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान करीब 17 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 45 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका दोबारा उपयोग अवैध शराब निर्माण में न किया जा सके।आबकारी विभाग ने बरामदगी के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग ने लोगों से भी अवैध शराब की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है, ताकि जनपद को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।