सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के हितों की सुरक्षा हेतु मण्डलीय फैसिलीटेशन काउंसिल की बैठक सम्पन्न
Gargachary Times
31 May 2026, 09:51
32 views
Lucknow
सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (एमएसएमई) के विलंबित भुगतान संबंधी प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में मण्डलीय फैसिलीटेशन काउंसिल, लखनऊ की बैठक आज निर्यात भवन में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं सूचीबद्ध प्रकरणों से संबंधित पक्षकारों ने सहभागिता की।
बैठक में कन्सीलियेशन हेतु कुल 24 संदर्भ प्रस्तुत किए गए। मण्डलायुक्त ने प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पक्षों को निर्देशित किया कि विवादों का समाधान यथासंभव आपसी सहमति एवं संवाद के माध्यम से किया जाए, जिससे उद्यमियों को शीघ्र राहत मिल सके तथा अनावश्यक न्यायिक प्रक्रिया से बचा जा सके।
मण्डलायुक्त ने परिषद से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाले सभी संदर्भों की सुनवाई निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक लंबितता न रहने पाए। उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान 04 नए संदर्भों को परिषद में पंजीकृत किए जाने का निर्णय लिया गया। मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि नवीन प्रकरणों में प्रारंभिक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करते हुए संबंधित पक्षकारों को समय से नोटिस जारी किए जाएं, ताकि मामलों का निस्तारण अनावश्यक विलंब के बिना किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित प्रक्रिया का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सदस्य-सचिव एवं संयुक्त आयुक्त उद्योग, लखनऊ मण्डल अनिल कुमार, प्रतिनिधि लघु उद्योग भारती अरुण भाटिया सहित सूचीबद्ध संदर्भों के पक्षकार उपस्थित रहे।