Loading...

राया के जवान का झांसी में आकस्मिक निधन, आज गांव पिरसुआ पहुंचेगा पार्थिव शरीर

Gargachary Times 1 June 2026, 19:36 44 views
Mathura
राया के जवान का झांसी में आकस्मिक निधन, आज गांव पिरसुआ पहुंचेगा पार्थिव शरीर
राया। थाना क्षेत्र के गांव पिरसुआ निवासी भारतीय सेना के जवान विपिन पुत्र तेजपाल का झांसी में आकस्मिक निधन हो जाने से परिवार एवं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जवान की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विपिन वर्ष 2016 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में झांसी में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उनका अचानक निधन हो गया। घटना की सूचना सेना अधिकारियों द्वारा परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया जा रहा है कि जवान का पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव पिरसुआ लाया जाएगा। सूचना मिलते ही गांव एवं आसपास के क्षेत्रों के लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे हैं। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने के बाद सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। विपिन अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। पति के निधन के बाद उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों को ढांढस बंधाने के लिए लोगों का उनके घर पहुंचना लगातार जारी है। गौरतलब है कि विपिन का परिवार लंबे समय से देश सेवा से जुड़ा रहा है। उनके बड़े भाई भगवान दास भी भारतीय सेना में तैनात हैं, जबकि छोटा भाई सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा है। जवान विपिन के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
Follow Samachar24