Loading...

फिरोजाबाद में भूमि विवादों के समाधान को शुरू हुआ विशेष अभियान, 2660 मामलों की होगी दोबारा जांच

Gargachary Times 1 June 2026, 19:56 37 views
Firozabad
फिरोजाबाद में भूमि विवादों के समाधान को शुरू हुआ विशेष अभियान, 2660 मामलों की होगी दोबारा जांच
फिरोजाबाद: जनपद में भूमि विवादों से जुड़ी जन-शिकायतों के पारदर्शी, प्रभावी और संतोषजनक निस्तारण के लिए प्रशासन ने एक माह का विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशन में यह अभियान 1 जून से 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत पिछले एक वर्ष में भूमि विवादों से संबंधित प्राप्त शिकायतों की दोबारा समीक्षा और स्थलीय जांच कराई जाएगी।जिलाधिकारी ने बताया कि 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक विभिन्न माध्यमों से प्राप्त भूमि विवाद संबंधी शिकायतों में जिन मामलों के निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हैं, उन्हें पुनः खोलकर संबंधित उप जिलाधिकारियों के पोर्टल पर भेजा गया है। इन मामलों का दोबारा सत्यापन कर विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।जनपद में कुल 2660 प्रकरणों को पुनः जांच के दायरे में लिया गया है। इनमें जसराना के 832, फिरोजाबाद के 726, शिकोहाबाद के 546, सिरसागंज के 340 तथा टूंडला के 216 मामले शामिल हैं।अभियान के दौरान अवैध कब्जों को हटाने, पट्टा एवं आवंटन विवाद, राजस्व अभिलेखों में त्रुटियों के सुधार, रास्ता एवं चकमार्ग विवाद, पैमाइश और वरासत से जुड़े मामलों के साथ-साथ न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का भी परीक्षण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केवल कागजी निस्तारण स्वीकार नहीं होगा। विवादित स्थलों पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें पहुंचकर दोनों पक्षों को सुनेंगी और साक्ष्यों के आधार पर समाधान करेंगी। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि बिना स्थलीय जांच के निस्तारण दिखाने या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों की संख्या घटाना नहीं, बल्कि लोगों को भूमि विवादों से स्थायी राहत दिलाना है।
Follow Samachar24