Loading...

सर्विस रोड पर बिल्डिंग मैटिरियल माफियाओं का कब्जा, राहगीरों का निकलना दूभर

Gargachary Times 3 June 2026, 21:10 45 views
Mathura
सर्विस रोड पर बिल्डिंग मैटिरियल माफियाओं का कब्जा, राहगीरों का निकलना दूभर
फरह । फरह कस्बे की सर्विस रोड पर बिल्डिंग मैटिरियल कारोबारियों ने कब्जा जमा लिया है। मिट्टी, मौरंग और गिट्टी डालकर आधी सड़क घेर ली गई है। दिनभर ट्रैक्टर,ट्रॉली और बड़े ट्रकों के खड़े रहने से जाम लगता है। बारिश में सड़क पर कीचड़ युक्त पानी भर जाता है, जिससे चार बैंकों में आने,जाने वाले ग्राहकों सहित सैकड़ों राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। दुकानदारों की दादागिरी और नेशनल हाईवे व नगर पंचायत की लापरवाही से लोग त्रस्त हैं। फरह कस्बे से गुजरने वाले एनएच-19 की सर्विस रोड पर बिल्डिंग मैटिरियल बेचने वाले दुकानदारों ने कब्जा कर रखा है। दुकानों के बाहर सर्विस रोड पर मिट्टी, मौरंग, गिट्टी और ईंटों के ढेर लगा दिए गए हैं। इससे सड़क की चौड़ाई आधी रह गई है। हालात यह हैं कि सर्विस रोड पर दिनभर ट्रैक्टर,ट्रॉली और बड़े ट्रक खड़े रहते हैं। सामान की लोडिंग-अनलोडिंग सड़क पर ही की जाती है। इससे पूरे दिन जाम के हालात बने रहते हैं। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बारिश होते ही सर्विस रोड पर जलभराव हो जाता है। मिट्टी और मौरंग बहकर सड़क पर फैल जाती है, जिससे कीचड़ युक्त पानी भर जाता है। दोपहिया वाहन फिसलकर गिर रहे हैं। पैदल निकलना तो नामुमकिन हो गया है। इसी सर्विस रोड पर भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक समेत चार बैंक स्थित हैं। रोजाना सैकड़ों लोग बैंक आते हैं। कीचड़ और जाम के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। ग्राहकों का कहना है कि बैंक तक पहुंचने में कपड़े खराब हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकानदारों को कई बार टोकने पर वे दबंगई दिखाते हैं। कहते हैं जहां शिकायत करनी है कर दो, हमारा कुछ नहीं होगा। खुलेआम सरकारी जमीन पर कब्जा कर कारोबार चल रहा है। राहगीरों का कहना है कि यह सर्विस रोड नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधीन है, लेकिन अतिक्रमण हटाने को कोई कार्रवाई नहीं होती। वहीं नगर पंचायत फरह भी जलभराव और सफाई को लेकर गंभीर नहीं है। न नालियां साफ होती हैं, न अतिक्रमण हटता है। कस्बे के लोगों ने जिलाधिकारी और एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से सर्विस रोड को कब्जा मुक्त कराने, जल निकासी की व्यवस्था करने और दुकानदारों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे।
Follow Samachar24