Loading...

रील के चक्कर में गई जान! नहर में वीडियो बनाते समय युवक डूबा, तलाश जारी

Gargachary Times 3 June 2026, 21:14 46 views
Firozabad
रील के चक्कर में गई जान! नहर में वीडियो बनाते समय युवक डूबा, तलाश जारी
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में सोशल मीडिया रील बनाने का शौक एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। लोअर गंगा नहर के छींचामई पुल पर अपने दोस्तों के साथ पहुंचे युवक ने वीडियो बनवाने के दौरान नहर में उल्टी छलांग लगा दी। लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और देखते ही देखते पानी में लापता हो गया। जानकारी के अनुसार मटसेना थाना क्षेत्र के नगला मुल्ला निवासी अरिस अपने दोस्तों जीशान और शमीर के साथ घूमने निकला था। तीनों पहले वाटर पार्क जाने वाले थे, लेकिन बाद में नहर पर नहाने पहुंच गए। इसी दौरान अरिस सोशल मीडिया के लिए रील बना रहा था और दोस्तों से वीडियो शूट करवा रहा था प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रील को आकर्षक बनाने के लिए अरिस ने पुल से नहर में उल्टी छलांग लगाई, लेकिन छलांग लगाते ही वह पानी के तेज बहाव में फंस गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की और शोर मचाया, मगर तब तक वह गहरे पानी में समा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर थाना शिकोहाबाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार नितिन चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवक की तलाश के लिए प्राइवेट गोताखोरों और पीएसी की टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में किए जा रहे खतरनाक स्टंटों के गंभीर परिणामों की याद दिलाती है। फिलहाल प्रशासन की टीमें युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।
Follow Samachar24