Loading...

स्कूली बस खाई में गिरने से बाल बाल बची, ग्रामीणों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

Gargachary Times 15 July 2025, 20:53 16 views
Mathura
स्कूली बस खाई में गिरने से बाल बाल बची, ग्रामीणों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
मथुरा। राया क्षेत्र के गांव धर्मपुरा में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। राया बलदेव मार्ग से गांव धर्मपुरा को जाने वाले रास्ते पर एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में फंसकर पलटने से बाल-बाल बच गई। बस में लगभग एक दर्जन स्कूली छात्र सवार थे, जिन्हें ग्रामीणों की सतर्कता और तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह हादसा सुबह उस वक्त हुआ जब कारब स्थित एसबीएस स्कूल की बस बच्चों को लेने धर्मपुरा गाँव की ओर जा रही थी। बरसात के चलते सड़क किनारे झाड़ियां और घास उग आई थीं, जिससे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे। इसी दौरान बस का एक पहिया अचानक सड़क किनारे गड्ढे में चला गया और बस खाई की ओर झुक गई। बस के झुकते ही उसमें सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई। घटना को देख आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए मौके पर दौड़े और साहसिक प्रयास करते हुए बच्चों को खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकाला। हादसे में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। इसके बाद बुलडोजर मंगाकर बस को गड्ढे से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क महज 10 दिन पहले ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनवाई गई थी। लेकिन निर्माण कार्य के बाद विभागीय कर्मचारियों ने सड़क किनारे बने गड्ढों को भरने की जरूरत नहीं समझी। यदि बस पूरी तरह पलट जाती, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से मांग की है कि सड़क की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और संबंधित ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Follow Samachar24