चुरमुरा हाथी संरक्षण गृह में 5000 पौधे लगाने का संकल्प, सीडीओ और विधायक ने किया पौधरोपण
Gargachary Times
5 June 2026, 20:25
50 views
Mathura
फरह। पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को चुरमुरा स्थित हाथी संरक्षण गृह में वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश और जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जैसवाल ने आम, जामुन, बरगद, पीपल और नीम के फलदार व छायादार पौधे रोपकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। इस पहल का उद्देश्य हाथियों के लिए प्राकृतिक आवास विकसित करना और परिसर को हरा-भरा बनाना है।
कार्यक्रम में हाथी संरक्षण गृह के डायरेक्टर वैजू राज भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मिलकर पौधे रोपे और संरक्षण गृह परिसर में हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता ने कहा, “यहां लगाए जा रहे पौधे आने वाले समय में हाथियों को प्राकृतिक छाया और भोजन देंगे। पर्यावरण और वन्यजीव एक-दूसरे के पूरक हैं। हर व्यक्ति को साल में कम से कम पांच पौधे जरूर लगाने चाहिए।”
बलदेव विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि चुरमुरा हाथी संरक्षण गृह जिले की पहचान है। यहां हरियाली बढ़ने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार वन्यजीवों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता से अपील है कि पौधों को अपना परिवार मानकर उनकी देखभाल करें।
जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जैसवाल ने बताया कि ग्राम पंचायतों के माध्यम से भी पौधरोपण तेज किया गया है। चुरमुरा में लगे फलदार वृक्ष हाथियों के साथ-साथ पक्षियों के लिए भी उपयोगी होंगे। यह पहल पर्यावरण संतुलन में मील का पत्थर साबित होगी।
हाथी संरक्षण गृह के डायरेक्टर वैजू राज ने कहा कि यहां 5 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे हाथियों को गर्मी में छाया और प्राकृतिक भोजन मिलेगा। पौधरोपण से परिसर का तापमान भी नियंत्रित रहेगा। सभी के सहयोग से चुरमुरा को हरा-भरा बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार, ग्राम विकास अधिकारी रंजीत सिंह तोमर, रंजना ठाकुर, यशपाल सिंह, मेंबर सिंह, गोविंदा, खंड प्रेरक, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया।