विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में 7.94 लाख पौधों का रोपण, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
Gargachary Times
5 June 2026, 20:30
19 views
Agra
विजय सोलंकी
आगरा, 05/06/2026 प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग, ने अवगत कराया है कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेशव्यापी "05 करोड़ वृक्षारोपण अभियान" के अंतर्गत जनपद आगरा में विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से कुल 7,94,000 पौधों का रोपण किया गया। इस महाअभियान में वन विभाग, ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग तथा नगर विकास विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया।
जनपद में विभागवार वृक्षारोपण के अंतर्गत वन विभाग द्वारा 68,000, ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा 4,69,000, कृषि विभाग द्वारा 1,17,000, उद्यान विभाग द्वारा 77,000 तथा नगर विकास विभाग द्वारा 37,000 पौधों का रोपण किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक वानिकी प्रभाग, आगरा की शहर रेंज के अंतर्गत ताज नेचर वॉक में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जी.एस. धर्मेश, विधायक आगरा छावनी उपस्थित रहे। उन्होंने पौधारोपण करते हुए वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत कम से कम एक पौधा अवश्य रोपित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक के साथ-साथ नागेंद्र प्रताप, आयुक्त आगरा मंडल, राजेश कुमार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग आगरा, पर्यावरण दिवस विजय सिंह बाहिया, डॉ. सरीन, समाजसेवी कैप्टन शीला बहल एवं पूनम सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं वनरक्षक प्रशिक्षु उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके अतिरिक्त सामाजिक वानिकी प्रभाग, आगरा की अन्य समस्त रेंजों खेरागढ़, किरावली, बांहपुर, एत्मादपुर विधायक डा धर्मपाल सिंह रहे मौजूद, फतेहाबाद, पिनाहट, बाह एवं जैतपुर में भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनपद के विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजन की सहभागिता से पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया गया।
प्रभागीय निदेशक ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। उन्होंने जनपदवासियों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी आग्रह किया, ताकि पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान स्थायी एवं सफल बन सके।