Loading...

विश्व पर्यावरण दिवस पर कलेक्ट्रेट में बना त्रि-स्तरीय ‘औषधि वन’, डीएम ने किया मौलश्री का पौधारोपण

Gargachary Times 5 June 2026, 20:43 55 views
Firozabad
विश्व पर्यावरण दिवस पर कलेक्ट्रेट में बना त्रि-स्तरीय ‘औषधि वन’, डीएम ने किया मौलश्री का पौधारोपण
फिरोजाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।इस अवसर पर जिलाधिकारी की अनूठी पहल के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में एक विशेष त्रि-स्तरीय ‘औषधि वन’ स्थापित किया गया। इस वन को वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित ढंग से तीन भागों में विकसित किया गया है। पहले भाग में औषधीय गुणों से भरपूर पौधे लगाए गए हैं, जो स्वास्थ्य एवं आयुर्वेदिक दृष्टि से उपयोगी होंगे। दूसरे भाग को पक्षी प्रवास क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां छायादार एवं घने वृक्ष लगाए गए हैं ताकि पक्षी आसानी से अपने घोंसले बना सकें। वहीं तीसरे भाग में सौंदर्य और प्राकृतिक संतुलन को बढ़ाने के लिए लता युक्त एवं सजावटी पौधों को स्थान दिया गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल वन क्षेत्र बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा जैव-विविधता क्षेत्र विकसित करना है जो जल संरक्षण में सहायक हो तथा लोगों को पौधों के औषधीय और पर्यावरणीय महत्व से जोड़ सके। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ महा-अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के प्रति आत्मीयता और संरक्षण की भावना विकसित करने का प्रयास है।जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में मौलश्री का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। उनकी इस पहल से प्रेरित होकर जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों एवं विधानसभा क्षेत्रों में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया।कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Follow Samachar24