पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम-एसएसपी का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Gargachary Times
5 June 2026, 20:44
53 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगामी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले दाऊ दयाल महिला पीजी कॉलेज, महात्मा गांधी पीजी कॉलेज तथा एमजी इंटर कॉलेज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं का भ्रमण कर परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। गर्मी के मौसम को देखते हुए परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम एवं कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया तथा वहां लागू सुरक्षा मानकों की जांच की। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्हें हर समय सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो तत्काल जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा प्रभावित न हो।
वहीं एसएसपी आदित्य लांग्हे ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और किसी भी प्रकार की अराजकता या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर सत्येंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।