Loading...

शिकोहाबाद में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित, जीएसटी समस्याओं पर हुआ मंथन

Gargachary Times 5 June 2026, 20:46 45 views
Firozabad
शिकोहाबाद में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित, जीएसटी समस्याओं पर हुआ मंथन
फिरोजाबाद: आयुक्त राज्य कर, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार राज्य कर विभाग खण्ड-शिकोहाबाद द्वारा गुरुवार को होटल मोनार्क के हॉल में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त राज्य कर, खण्ड-शिकोहाबाद श्री शेखर चौरसिया ने की। कार्यक्रम में व्यापारियों, करदाताओं, व्यापार बंधु, ईंट भट्टा एसोसिएशन के पदाधिकारियों तथा अधिवक्ताओं ने भाग लिया।कार्यक्रम में जगदम्बा ईंट उद्योग के श्री योगेश कुमार, तुलसी ब्रिक फील्ड के श्री जगदीश चन्द्र यादव, रतन ब्रिक फील्ड के श्री कृपाल सिंह यादव, महादेव ब्रिक फील्ड के श्री भगवान दास, श्री प्रमोद कुमार यादव सहित कई व्यापारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।सभा को संबोधित करते हुए उपायुक्त राज्य कर श्री शेखर चौरसिया ने कहा कि व्यापारी संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राजस्व संग्रह में वृद्धि, अधिक से अधिक व्यापारियों का जीएसटी में पंजीकरण, जीएसटी 2.0 सुधार, जीएसटी अनुपालन तथा व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा कर उनका समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विभाग व्यापारियों के सुझावों को गंभीरता से लेकर कार्य कर रहा है। बैठक में ईंट भट्टा व्यापारियों ने अधिक कर जमा करने वाले करदाताओं को पुरस्कृत एवं प्रोत्साहित करने का सुझाव दिया। साथ ही उन्होंने ईंट भट्टा व्यापार पर वर्तमान 6 प्रतिशत कर दर को घटाकर 3 प्रतिशत करने की मांग रखी। व्यापारियों का कहना था कि इससे वे और अधिक पारदर्शिता के साथ कर जमा कर सकेंगे।भट्टा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने यह भी सुझाव दिया कि ईंट व्यापार में बिल अक्सर माल ग्राहक तक पहुंचने के बाद जारी किया जाता है, इसलिए रोड चेकिंग के दौरान वाहनों को न रोका जाए तथा केवल गेट पास व्यवस्था लागू की जाए। इसके अतिरिक्त अन्य व्यापारियों द्वारा जीएसटी रिटर्न, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी), ई-वे बिल, पंजीकरण एवं अन्य कर संबंधी समस्याएं और जिज्ञासाएं रखी गईं। उपायुक्त श्री चौरसिया ने सभी प्रश्नों का समाधान करते हुए व्यापारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा समस्याओं के उचित निराकरण का आश्वासन दिया।कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और विभाग तथा व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में उपयोगी साबित हुआ।
Follow Samachar24